gpdhakarwara.in

ग्राम प्रधान के बारे में

मैं, अशोक कुमार कुशवाहा ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत ढकरवारा। मेरा जन्म 1 जुलाई 1989 को झाँसी मुख्यालय से मध्य प्रदेश की सीमा से लगे हुए ग्राम ढकरवारा में एक साधारण से किसान परिवार में हुआ था। मेरा परिवार कृषि भूमि पर आश्रित किसान परिवार है जिसका राजनीति से दूर दूर तक कोई सम्बन्ध नहीं है। मैं वर्ष 2012 में बी0कॉम0 में स्नातक की शिक्षा प्राप्त कर रोजगार की तलाश में जुट गया। मई 2021 में ग्राम पंचायत ढकरवारा के ग्राम वासियों ने मुझे ग्राम प्रधान के रूप में निर्वाचित कर अपने गांव की सेवा करने का सौभाग्य प्रदान किया।

एक ग्राम प्रधान की महत्वाकांक्षाएं –

मैं, अपने गाँव का प्रधान होने के नाते, यह चाहता हूँ कि मेरा प्रत्येक ग्रामवासी खुशहाल और विकसित बने। मेरे गाँव के हर परिवार को मूलभूत सुविधाएँ मिले, हर घर में शिक्षा और स्वच्छता का उजाला पहुँचे।

साथ ही, मैं अपने गाँव में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा हूँ। गाँव में वर्तमान में एक उप स्वास्थ्य केंद्र है, जहाँ पर सभी लोगों के इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है विशेष कर महिलाओं एवं बच्चों के लिए।मैं चाहता हूँ कि मेरा गाँव स्वच्छ और सुंदर हो, ताकि हर कोई स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सके।

गाँव के विकास के लिए सड़कें, बिजली, पानी, और सिंचाई की व्यवस्था को मजबूत बनाना भी मेरी प्राथमिकता है। मैं चाहता हूँ कि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करें और उनकी आमदनी में वृद्धि हो। इसके अलावा, गाँव में छोटे उद्योग और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जाएँ, जिससे हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बन सके।

आज के युग में तकनीक का महत्व बहुत बढ़ गया है। मैं चाहता हूं कि हमारा गांव डिजिटल बने, जहां लोग ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकें। इसके लिए गांव में एक सामुदायिक केंद्र स्थापित करने की योजना है एवं लाइब्रेरी और डिजिटल लाइब्रेरी प्रस्तावित है, जहां लोग इंटरनेट का उपयोग कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और अपने कार्यों को ऑनलाइन कर सकें।

मेरी प्राथमिकता गांव में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना है। इसके लिए ग्राम पंचायत में पहले से ही स्थित जूनियर हाई स्कूल को उच्चतर विद्यालय में बदलने की योजना प्रस्तावित है जो शीघ्र ही पूर्ण होने की संभावना है मैं चाहता हूं कि हर बच्चा स्कूल जाए और कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए मैं सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करूंगा। गांव में एक पुस्तकालय स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है, जो शीघ्र ही पूर्ण होने की संभावना है।

मेरा सपना है कि हमारे गांव में एक है हाट बाजार हो, एक विवाह घर हो। सुरक्षा की दृष्टि से एक पुलिस चौकी की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। ग्राम पंचायत की जमीन से अवैध कब्जा को हटाना। चकबंदी के द्वारा खेतों का एकीकरण ।खेल का मैदान होना। ओपन जिम। ग्राम पंचायत को वाई-फाई से लैस करना आदि।

मेरा सपना है कि मेरा गाँव आत्मनिर्भर और समृद्ध बने। मैं अपने गाँववासियों के सहयोग से इसे एक आदर्श गाँव बनाने के लिए सतत प्रयास करता रहूँगा। मेरा हर निर्णय, हर कार्य, गाँव के विकास और ग्रामवासियों की खुशहाली के लिए ही होगा।

Scroll to Top